स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। इंग्लैंड के खिलाफ मैनचेस्टर में खेले जा रहे दूसरे टी20 मैच में वैभव सूर्यवंशी को डेब्यू करने का मौका मिला है। उन्हें तिलक वर्मा ने कैप थमाई है। वैभव को आयरलैंड के खिलाफ सीरीज के लिए भी चुना गया था लेकिन उन्हें प्लेइंग-11 में शामिल नहीं किया गया था। इंग्लैंड के खिलाफ पहले मुकाबले में भी सूर्यवंशी को मौका नहीं मिला था।
अब इंग्लिश टीम के खिलाफ दूसरे मुकाबले में वैभव को मौका मिला है। इससे पहले लगातार ये बहस बनी हुई थी कि उन्हें प्लेइंग-11 में शामिल किया जाना चाहिए। अब उन्हें मौका मिल गया है और इसी के साथ वैभव ने सचिन तेंदुलकर के वर्ल्ड रिकॉर्ड को भी ध्वस्त कर दिया है। उन्होंने सचिन के सबसे कम उम्र में इंटरनेशनल डेब्यू करने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है।
वैभव सूर्यवंशी ने सचिन तेंदुलकर के रिकॉर्ड को तोड़ा
वैभव ने डेब्यू करते ही सचिन तेंदुलकर के रिकॉर्ड को ध्वस्त कर दिया है। वे टीम इंडिया के लिए सबसे कम उम्र में इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू करने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने 15 साल और 99 दिन की उम्र में इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू किया। इससे पहले सचिन ने 16 साल और 205 दिनों की उम्र में डेब्यू किया था। अब सूर्यवंशी ने इस रिकॉर्ड को अपने नाम कर लिया है। कप्तान श्रेयस अय्यर ने भी उनकी टॉस के वक्त खूब तारीफ की है। उनका कहना है कि सूर्यवंशी इंटरनेशनल क्रिकेट के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। भारत ने मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है।
संजू सैमसन हुए बाहर
वैभव को भारतीय टीम में संजू सैमसन की जगह शामिल किया गया है। सैमसन ने आयरलैंड के खिलाफ दो मैचों में रन नहीं बनाए। इसके बाद इंग्लैंड के खिलाफ पहले मैच में भी वे 1 रन बनाकर आउट हो गए। उनके विफल होने की वजह से सूर्यवंशी को टीम में शामिल किया गया है।
इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टी20 मैच के लिए भारत की प्लेइंग-11
वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, शिवम दुबे, हर्षित राणा, अक्षर पटेल, रवि बिश्नोई, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती।
इंग्लैंड की प्लेइंग-11
फिलिप सॉल्ट, जोस बटलर (विकेटकीपर), हैरी ब्रूक (कप्तान), जैकब बेथेल, टॉम बैंटन, सैम करन, विल जैक्स, लियाम डॉसन, आदिल राशिद, जोफ्रा आर्चर, जोश टोंग।